हरियाणा

हिसार में रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, ACB ने 80 हजार के साथ दबोचा

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:02 AM IST
हिसार में रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, ACB ने 80 हजार के साथ दबोचा
x

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृतलाल को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर मारपीट के एक मामले से शिकायतकर्ता के बेटे का नाम हटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के अनुसार, मिर्चपुर निवासी सत्यवान ने शिकायत दी थी कि उसके एक बेटे को बास थाने में दर्ज मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जबकि दूसरे बेटे का नाम भी इसी मुकदमे में शामिल था। आरोप है कि सब इंस्पेक्टर अमृतलाल ने दूसरे बेटे का नाम मुकदमे से हटाने के बदले एक लाख 20 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि की और इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। योजना के अनुसार गुरुवार को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अग्रोहा मोड़ पहुंचने के लिए कहा गया।

एसीबी टीम ने आसपास निगरानी रखी। जैसे ही सब इंस्पेक्टर अमृतलाल ने शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

जिस मुकदमे से नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगे जाने का आरोप है, वह पिछले वर्ष 27 मई को हांसी के भाटोल जाटान गांव में छुछक समारोह के दौरान हुई मारपीट से जुड़ा है। फतेहाबाद के गोरखपुर निवासी चरणदीप ने पुलिस को शिकायत दी थी कि समारोह के दौरान हुक्का मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी थी।

शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी बीयर की बोतलों से हमला किया गया था। इस मामले में बास थाना पुलिस ने दलजीत, बलजीत, गुरप्रीत सहित अन्य युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।

वहीं, बास थाना प्रभारी एसआई जयकुमार ने बताया कि अमृतलाल 17 नवंबर को थाने से गया था। उसे 18 नवंबर को एक मामले के सिलसिले में हाईकोर्ट जाना था और 19 नवंबर को वापस लौटना था। थाना प्रभारी ने कहा कि एसीबी द्वारा उसकी गिरफ्तारी से संबंधित मामले की जानकारी उन्हें नहीं है।

फिलहाल एसीबी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Next Story