हरियाणा

रेवाड़ी में सड़क हादसा, बाइक सवार की जान गई

Admindelhi1
24 Sept 2026 2:39 PM IST
रेवाड़ी में सड़क हादसा, बाइक सवार की जान गई
x
रेवाड़ी में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

रेवाड़ी: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हाईवे पर स्थित आरजे-14 होटल के पास हुआ। मृतक की पहचान बावल क्षेत्र के नरसिंहपुर निवासी करीब 36 वर्षीय पुरुषोत्तम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम बावल स्थित एक कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक पर सवार होकर अपने घर नरसिंहपुर जा रहे थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पहुंचने के बाद पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुरुषोत्तम सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बावल अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बताया गया है कि पुरुषोत्तम एक बेटी के पिता थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।

बावल थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Next Story