हरियाणा

कैथल में समाधान शिविर, अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश

Admindelhi1
23 Nov 2026 5:43 PM IST
कैथल में समाधान शिविर, अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
x
आधार कार्ड से लेकर अवैध कब्जे तक, समाधान शिविर में उठे मुद्दे

कैथल: हरियाणा के कैथल में लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए।

शिविर में आधार कार्ड की त्रुटियों, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, आवास योजना की लंबित किस्त, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल और परिवार पहचान पत्र से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

गांव संगतपुरा निवासी सुभाष ने पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर बीडीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शक्तिनगर निवासी झंडू ने आधार कार्ड का बायोमेट्रिक अपडेट कराने के बावजूद आधार नंबर रद्द दिखने की समस्या बताई।

वहीं, शक्तिनगर निवासी सुखविंद्र ने शॉर्ट सर्किट से मकान जलने पर आर्थिक सहायता मांगी। गांव कुराड़ निवासी जिले सिंह ने आवास योजना की तीसरी किस्त जारी करवाने और देवबन निवासी राजेंद्र ने फसल पोर्टल पर डाटा सुधारने की मांग रखी।

सीईओ गुलजार मलिक ने अधिकारियों को सभी शिकायतों पर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Next Story