हरियाणा

नारनौल में साइबर ठगी का नया मामला, लेक्चरर ने गंवाए 3.76 लाख रुपये

Admindelhi1
26 Sept 2026 4:15 PM IST
नारनौल में साइबर ठगी का नया मामला, लेक्चरर ने गंवाए 3.76 लाख रुपये
x
गूगल सर्च बना मुसीबत, नारनौल के लेक्चरर से 3.76 लाख रुपये ठगे

नारनाैल: नारनौल में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। ठगों ने राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली मंडी के लेक्चरर के बैंक खाते से तीन लाख 76 हजार 280 रुपये निकाल लिए। पीड़ित वर्तमान में रेवाड़ी में रहते हैं। ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 और एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस को दी शिकायत में लेक्चरर ने बताया कि 18 सितंबर को उन्हें कॉलेज के लिए एक किताब की स्पेसिमेन कॉपी मंगवानी थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर पंकज बुक डिपो का मोबाइल नंबर खोजा। नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित तौर पर बुक डिपो कर्मचारी बनकर बात करने वाले व्यक्ति ने उनके वॉट्सऐप पर एक एपीके एप्लीकेशन भेजी।

एप्लीकेशन में फॉर्म भरने में परेशानी होने पर दूसरे मोबाइल नंबर से वीडियो कॉल की गई। कॉल करने वाले ने लेक्चरर से स्क्रीन शेयर करवाई और फॉर्म भरने के दौरान निजी जानकारी के साथ बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी हासिल कर ली।

इसके बाद रजिस्ट्रेशन के नाम पर दो रुपये की पेमेंट करने को कहा गया। लेक्चरर ने अपने मोबाइल में मौजूद योनो एसबीआई एप्लीकेशन से दो रुपये का भुगतान कर दिया और इसके बाद कॉलेज की कक्षा में चले गए। करीब दो घंटे बाद मोबाइल देखने पर उन्हें बैंक खाते से 3 लाख 76 हजार 280 रुपये निकाले जाने का पता चला।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पंचकूला से मिली ई-जीरो एफआईआर के तहत साइबर क्राइम थाना नारनौल में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story