हरियाणा

मरीजों को बड़ी राहत, जींद नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:11 PM IST
मरीजों को बड़ी राहत, जींद नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी
x
1. अब दवाइयों के लिए अस्पताल से बाहर नहीं भटकेंगे मरीज, 24 घंटे खुलेगी अमृत फार्मेसी

जींद: हरियाणा के जींद जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई। यहां मरीजों को प्रतिष्ठित कंपनियों की ब्रांडेड दवाइयां बाजार मूल्य से 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि फार्मेसी का संचालन 24 घंटे किया जाएगा, जिससे रात के समय भी मरीजों को दवाइयां मिल सकेंगी।

प्रदेश के 16 जिलों में शुक्रवार को एक साथ अमृत फार्मेसी शुरू की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यमुनानगर से वर्चुअल माध्यम से इनका शुभारंभ किया। जींद में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। यहां प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों की असली ब्रांडेड दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। दवाइयों पर 50 से 90 प्रतिशत तक छूट मिलने से लंबे समय से इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि फार्मेसी के 24 घंटे सातों दिन संचालित होने से रात में आपातकालीन स्थिति के दौरान भी दवाइयों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मेसी में जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में एडीसी प्रदीप कौशिक, जिला परिषद चेयरपर्सन मनीषा रंधावा, नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी, सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली, उप सिविल सर्जन डॉ. दिनेश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Next Story