हांसी में पराली जलाने पर बड़ी लगाम, 45 से घटकर एक हुआ मामला

हांसी: हरियाणा के हांसी जिले में पराली जलाने की घटनाओं में बड़ी कमी दर्ज की गई है। पिछले खरीफ सीजन में जिले में पराली जलाने के 45 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष हरसेक की ओर से रिपोर्ट किए गए छह मामलों की जांच में केवल एक घटना की पुष्टि हुई है।
मंगलवार को जिला सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिला प्रशासनिक सचिव डॉ. जे. गणेशन ने पराली प्रबंधन के प्रयासों के लिए उपायुक्त राहुल नरवाल की सराहना की। उन्होंने कृषि, राजस्व और पंचायत विभागों को आपसी समन्वय से खेतों की निगरानी करने तथा किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि यंत्रों और प्रोत्साहन सुविधाओं की जानकारी देकर पराली नहीं जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. गणेशन ने धान खरीद और मंडियों से फसल उठान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रखने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही मंडियों में भीड़ और जाम की स्थिति रोकने के लिए खरीदी गई फसल का तेजी से उठान सुनिश्चित करने को कहा।





