हरियाणा

हिसार में नशे की बड़ी खेप पकड़ी, 92 लाख की 9 हजार गोलियां बरामद

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:31 PM IST
हिसार में नशे की बड़ी खेप पकड़ी, 92 लाख की 9 हजार गोलियां बरामद
x
हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, नशीली गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार

हिसार: हरियाणा के हिसार में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 लाख 16 हजार रुपये की अनुमानित कीमत वाली 9 हजार नशीली गोलियां बरामद की हैं। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने साउथ बाईपास स्थित लाडवा मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भिवानी निवासी विक्की के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान घोड़ा चौक के पास उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर नशीली गोलियों की खेप लेकर आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान बाइक की टंकी पर हैंडल से टंगे हरे-पीले रंग के थैले से 9 हजार अल्प्राजोलम गोलियां बरामद हुईं।

बरामद गोलियों का कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1400 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी विक्की के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Next Story