तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और बाइक की भिड़ंत, दो युवकों की मौत

हिसार: जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव बनभौरी के पास रविवार को फॉर्च्यूनर गाड़ी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में फॉर्च्यूनर की चपेट में आने से बनभौरी निवासी एक अन्य मोटरसाइकिल सवार भी घायल हुआ है। हादसे में गांव सरहेड़ा के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सरहेड़ा निवासी तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव मखंड में कबड्डी का खेल देखने जा रहे थे। इसी दौरान बनभौरी गांव के पास सामने से आ रही फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मोनू (22) और पुनीत (14) की मौत हो गई, जबकि रवि (24) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के दौरान फॉर्च्यूनर की चपेट में आने से बनभौरी निवासी सूरज भी घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बरवाला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रवि की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव सरहेड़ा में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





