जींद: सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार काे सरकारी नौकरी लगवाने को झांसा देकर तीन लाख हड़पने तथा समझौते के लिए दबाव बनाने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिव कालोनी निवासी बलवान ने अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि उसकी मीनू शर्मा व उसके परिजनों से जान पहचान रही है। आरोपितों ने अच्छी जान पहचाने होने की बात कहते हुए नौकरी लगवाने की बात कही। जिस पर उसने अपने रिश्तेदार को नौकरी लगवाने को कहा। आरोपितों को छह लाख रुपये दे दिए गए। बावजूद इसके उसका रिश्तेदार नौकरी नही लगा। जिस पर उसने रुपये वापस मांगे तो वे आनाकनी करने लगे। पंचायत होने पर आरोपित ने तीन लाख रुपये दे दिए। बकाया तीन लाख रुपये जल्द देने की बात कही। बावजूद इसके आरोपितों ने बकाया राशि को नही दिया। उल्टे समझौते के लिए दबाव डालते हुए बकाया राशि के लिए एक से सवा साल का टाइम मांगना शुरू कर दिया।
जिसकी शिकायत पुलिस से की गई लेकिन पुलिस ने कोई कारवाई नही की। याचिका पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अदालत आदेशों के आधार पर आरोपित मीनू, शमशेर शर्मा, रामस्वरूप शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय सहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।





