हरियाणा

निवेश का झांसा देकर 2.44 करोड़ की ठगी, बैंक खाताधारक पकड़ा गया

Admindelhi1
17 Oct 2026 4:32 PM IST
निवेश का झांसा देकर 2.44 करोड़ की ठगी, बैंक खाताधारक पकड़ा गया
x
ऑनलाइन निवेश के बहाने करोड़ों की ठगी, खाताधारक पर कार्रवाई

फरीदाबाद: ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर दो करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने शनिवार काे खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भीम शर्मा निवासी गोकलपुरी, शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर कोरा डॉट कॉम से संबंधित ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उक्त प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर निवेश संबंधी जानकारी दी। इसके बाद कथित कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के साथ जूम मीटिंग की और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने निवेश के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल दो करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित भीम शर्मा इस मामले में खाताधारक है। उसने अपने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता आगे ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में सामने आया कि आरोपित के खाते में ठगी की रकम में से 2.5 लाख रुपये आए थे। पुलिस द्वारा आरोपित को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

Next Story