नंगथला की सहारण प्लाईवुड फैक्ट्री में देर रात लगी आग, लाखों का सामान जलने की आशंका

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र के गांव नंगथला स्थित सहारण प्लाईवुड फैक्ट्री में देर रात भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए पांच से छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, कई एकड़ में फैली फैक्ट्री में देर रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इसकी सूचना मिलते ही आदमपुर और बरवाला से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हिसार, उकलाना और फतेहाबाद से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। बताया जा रहा है कि दमकल टीमें रात करीब तीन बजे मौके पर पहुंच गई थीं। इसके बाद लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। सुबह तक बचाव अभियान जारी रहा।
आग की भयावहता को देखते हुए फैक्ट्री में रखे काफी सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का अभी आकलन नहीं हो पाया है। फायर विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।





