
जींद: नागरिक अस्पताल में सीटी स्कैन कराने पहुंचे मरीज के तीमारदारों और अस्पताल के सुरक्षाकर्मी के बीच गुरुवार को विवाद हो गया। नई बिल्डिंग में कमरा नंबर 22 के पास शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में बदल गई। विवाद के दौरान एक महिला के घायल होने की बात भी सामने आई है। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, कंडेला निवासी कौशल्या अपनी पुत्रवधू का सीटी स्कैन कराने अस्पताल पहुंची थीं। उनके साथ अंकित और एक अन्य युवक भी मौजूद था। कौशल्या भाजपा महिला मोर्चा की पिंडारा मंडल अध्यक्ष हैं।
बताया जा रहा है कि डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेश भोला के कार्यालय में फाइल पर हस्ताक्षर कराने के दौरान फोन पर बातचीत को लेकर सुरक्षाकर्मी अमित और तीमारदार के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
कौशल्या ने आरोप लगाया कि उन्हें कमरे से बाहर निकालने को लेकर विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। जमीन पर गिरने के कारण उनके कंधे में चोट आई है।
वहीं, डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेश भोला ने बताया कि मरीज के सीटी स्कैन की व्यवस्था कर दी गई थी। उनके अनुसार, मरीज को सीटी स्कैन के लिए ले जाने के दौरान पर्ची को लेकर अंकित और अमित के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद हाथापाई की स्थिति बन गई।
घटना के बाद सुरक्षाकर्मी अमित ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





