हरियाणा

टैंकर ने ईएसआईसी महिला कर्मी को मारी टक्कर, मौत

Admindelhi1
22 Sept 2026 5:40 PM IST
टैंकर ने ईएसआईसी महिला कर्मी को मारी टक्कर, मौत
x
फरीदाबाद में टैंकर हादसा, महिला कर्मी की मौत

फरीदाबाद: फरीदाबाद में एनएचपीसी के पास पानी के टैंकर ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 36 वर्षीय आशा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसके साथ स्कूटी पर सवार दूसरी महिला कर्मचारी का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद टैंकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। सराय थाना पुलिस के अनुसार एसजीएम नगर की 22 फुट रोड पर रहने वाली आशा (36) ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ के तौर पर काम करती थी। इन दिनों उसकी ड्यूटी एनएचपीसी के पास स्थित ईएसआईसी के गर्ल्स हॉस्टल में लगी हुई थी। सोमवार की रात्रि को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थी।

बताया गया है कि एनएचपीसी के पास पहुंचने के दौरान पानी के टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं सडक़ पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। आशा को गंभीर चोटें आई थीं और उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों ने आशा का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, दूसरी घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सराय थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने पानी के टैंकर को कब्जे में ले लिया है। उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों और ड्राइवर की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

Next Story