नशे के अवैध कारोबार पर दोहरी चोट, तस्करों के मकान और वाहन फ्रीज

हिसार: हरियाणा के हिसार में जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 233 मामले दर्ज कर 433 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 2 करोड़ 18 लाख 38 हजार 835 रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि इस कार्रवाई में 21 आरोपियों की 15 कारें, 23 मोटरसाइकिलें और मकान शामिल हैं। इन संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज करवाया गया है।
एसपी ने कहा कि पुलिस का अभियान केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नशे से कमाई गई संपत्ति का दोबारा अवैध कारोबार में इस्तेमाल रोकना इस कार्रवाई का उद्देश्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का लक्ष्य नशे की सप्लाई के पूरे नेटवर्क को तोड़ना और इस कारोबार से जुड़े लोगों के आर्थिक आधार को कमजोर करना है। इसके लिए सभी संबंधित पुलिस इकाइयों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।





