सिरसा विश्वविद्यालय में लगेगी क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, युवाओं को रोजगार

चंडीगढ़: हरियाणा में स्थानीय स्तर पर क्रिकेट बैट निर्माण को बढ़ावा देने और महिलाओं व युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में नई पहल की गई है। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (CDLU), सिरसा और स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लीजर स्किल्स काउंसिल (SPEFL-SC) के बीच विश्वविद्यालय परिसर में क्रिकेट बैट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए एमओयू हुआ है।
समझौते पर मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं SPEFL-SC की प्रतिनिधि पंखुड़ी गुप्ता ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार और कुलसचिव प्रो. अशोक कुमार मौजूद रहे।
इस परियोजना को HDFC परिवर्तन और डॉ. राजेश राणा के नेतृत्व में प्लान इंटरनेशनल इंडिया के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय विनिर्माण क्षमता मजबूत करने के साथ महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर तैयार करना है।
पंखुड़ी गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित इकाई में शुरुआत में उच्च गुणवत्ता वाले क्रिकेट बैट का निर्माण किया जाएगा। भविष्य में अन्य खेल उपकरणों के उत्पादन का भी विस्तार किया जा सकता है।
परियोजना के तहत कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता जांच और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। CDLU सिरसा बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक सहयोग और स्थानीय स्तर पर विकास की जिम्मेदारी निभाएगा, जबकि SPEFL-SC खेल उपकरण निर्माण से जुड़ी तकनीकी ट्रेनिंग और उद्योगों के साथ संपर्क स्थापित करने में सहयोग करेगा।
इस पहल में महिलाओं और जरूरतमंद समूहों की भागीदारी बढ़ाने के साथ उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया है। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि यह प्रयास विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होगा और महिलाओं तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।





