
पलवल: हरियाणा के पलवल में मकान का कब्जा दिलाने के बदले रिश्वत लेने के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से कुल 70 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 20 हजार रुपये पहले ही ले चुका था।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने वर्ष 2019 में राधा कॉलोनी स्थित 287 वर्ग गज का दो मंजिला मकान खरीदने का समझौता किया था। विवाद होने पर मामला अदालत पहुंचा। न्यायालय के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम हुई और कब्जा दिलाने के लिए बेलिफ श्याम सुंदर को नियुक्त किया गया।
आरोप है कि बेलिफ ने मकान का कब्जा दिलाने के एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।
सोमवार को एसीबी की टीम ने आगरा चौक पर आरोपी को अपनी कार में 50 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पहले ली गई 20 हजार रुपये की राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।





