हरियाणा

बच्चों को लेने जा रही बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार

Admindelhi1
24 Sept 2026 2:38 PM IST
बच्चों को लेने जा रही बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार
x
बच्चों को लेने जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, तीन घायल

नारनाैल: महेंद्रगढ़ रोड पर नूनी गांव के मोड़ के पास गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए निकली निजी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस ने पहले स्कूटी तथा इसके बाद साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों समेत तीन लोग घायल हो गए। बस में सवार बच्चों को किसी तरह की चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ रोड स्थित सूरज स्कूल की बस गुरुवार सुबह बच्चों को लेने के लिए नूनी शेखपुरा की ओर जा रही थी। नूनी गांव के मोड़ से कुछ आगे सीबीएम अस्पताल के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने स्कूटी सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बस स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद बस पास से गुजर रहे साइकिल सवार से भी जा भिड़ी।

हादसे में बिहार निवासी करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास गंभीर रूप से घायल हो गया। वह नसीबपुर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। वहीं, नसीबपुर निवासी नीता कुमारी और अतर सिंह भी घायल हुए। दोनों स्कूटी पर सवार थे। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल सीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर महावीर चौक पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। चौकी के सतीश कुमार ने बताया कि हादसे के समय बस में थोड़े ही बच्चे बैठे थे और सभी सुरक्षित हैं। सूचना के बाद स्कूल स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया था।

Next Story