हरियाणा में 805 मुख्यमंत्री घोषणाएं लंबित, विधायकों को दी गई विशेष जिम्मेदारी

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन और विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अब तक कुल 7,988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 5,743 घोषणाओं से संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 1,101 पर काम जारी है। वहीं, 805 घोषणाएं लंबित हैं और 339 को क्रियान्वयन के लिए अव्यवहार्य पाया गया है।
सैनी ने विधायकों से संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर भूमि की अनुपलब्धता और अन्य प्रशासनिक बाधाओं को दूर करवाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने आवंटित बजट का समय पर सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के बाद 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनमें विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने लंबित विकास परियोजनाओं की स्थिति तथा आगामी कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया।





