हरियाणा

प्रदेश में 33 नए महिला पुलिस थाने, 239 महिला हैल्प डेस्क स्थापित

Shantanu Roy
27 Jan 2023 6:50 PM GMT
प्रदेश में 33 नए महिला पुलिस थाने, 239 महिला हैल्प डेस्क स्थापित
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 15 प्रतिशत करने के लिए कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए ''दुर्गा शक्ति रैपिड एक्षन फोर्स'' की 24 कंपनियां स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं व अन्य महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश में 33 नए महिला पुलिस थाने और 239 महिला हैल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यह बात उन्होंने अम्बाला शहर स्थित पुलिस लाइन परिसर में 74वां गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को शुभ संदेश देते हुए कही। विज ने इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा परेड की सलामी ली। गृहमंत्री ने इससे पहले अम्बाला शहर पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी।
उन्होंने कहा कि हम 74 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं और खुशी के इस मौके पर उन्होंने सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग और बलिदान की एक लंबी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने लम्बा संघर्ष किया। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम के फलस्वरुप प्रदेश में जन्म के समय लिंगानुपात की दर में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।
Next Story