हरियाणा
अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में 3 युवकों की मौत
Ritisha Jaiswal
14 Aug 2022 4:40 PM IST

x
अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई.
अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों युवक शनिवार रात अंबाला शहर आ रहे थे और रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि युवकों की आयु 17 से 22 वर्ष के बीच थी और वे अंबाला छावनी के रहने वाले थे.
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें गंभीर हालत में अंबाला शहर के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया." अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.
मृतकों के शवों का दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया
बता दें कि हरियाणा में इन दिनों सड़क हादसे के मामले बढ़ गए हैं. कल ही खबर सामने आई थी कि हरियाणा में बहन के घर राखी बंधवाकर घर लौट रहे चार दोस्तों की इनोवा गाड़ी गांव रामबास-दगड़ोली के बीच पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है. वहीं मृतकों के शवों का दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया.
तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई
जानकारी के अनुसार, गांव रामबास निवासी 26 वर्षीय अंकित, 27 वर्षीय राहुल, 25 वर्षीय सुमित व 24 वर्षीय अमित पंचकूला से आए दोस्त के साथ इनोवा गाड़ी में सवार होकर बहन के घर राखी बंधवाने गए थे. राखी बंधवाकर जब वे गांव की ओर लौट रहे थे तो गांव के समीप ही कार के सामने आवारा पशु आ गया और गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया. तेज रफ्तार गाड़ी सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई.
Next Story





