
हांसी: हांसी में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ का परिवहन करने का मामला सामने आया है। सीआईए-1 की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 266 किलो 600 ग्राम विस्फोटक पदार्थ से भरी एक गाड़ी पकड़ी है। पुलिस ने गाड़ी में सवार चरखी दादरी निवासी तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विस्फोटक पदार्थ रखने और उसका परिवहन करने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने गाड़ी और विस्फोटक पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों के खिलाफ थाना शहर हांसी में मामला दर्ज किया है।
सीआईए-1 के उपनिरीक्षक कपिल ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक गाड़ी में विस्फोटक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने थाना शहर हांसी क्षेत्र में संदिग्ध गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी से 266 किलो 600 ग्राम विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। गाड़ी में मौजूद तीन व्यक्तियों की पहचान चरखी दादरी निवासी अमन, कुलदीप व राकेश के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों से विस्फोटक पदार्थ रखने और उसका परिवहन करने से संबंधित वैध लाइसेंस तथा जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई अधिकृत दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ से भरी गाड़ी को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर हांसी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
पुलिस अब इस मामले के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ आरोपी कहां से लेकर आए थे और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके पीछे किसी सप्लायर या अन्य नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इस पहलू से भी जांच की जा रही है। एसपी विनोद कुमार के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है।





