हरियाणा

ग्रामीण बदलाव की मुहिम को 25 साल, किरण बेदी ने साझा किया सेवा यात्रा का अनुभव

Admindelhi1
25 Nov 2026 11:57 AM IST
ग्रामीण बदलाव की मुहिम को 25 साल, किरण बेदी ने साझा किया सेवा यात्रा का अनुभव
x
गुरुग्राम में नवज्योति फाउंडेशन की रजत जयंती, 500 से अधिक ग्रामीण समारोह में पहुंचे

गुरुग्राम: नवज्योति इंडिया फाउंडेशन ने अपनी 25 वर्षों की सामाजिक सेवा यात्रा पूरी होने पर नया गांव स्थित परिसर में रजत जयंती समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में संस्था की संस्थापक एवं पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी और ब्रह्माकुमारीज की राजयोगिनी बीके शिवानी शामिल हुईं। समारोह की थीम ग्राम परिवर्तन के लिए सामूहिक चेतना रही।

इस दौरान ग्रामीण परिसर में नीलम गजेंद्र सिंघवी हॉल का उद्घाटन किया गया। यहां दुर्लभ तस्वीरों के माध्यम से डॉ. किरण बेदी के जीवन सफर को प्रदर्शित किया गया। साथ ही संस्था की 25 वर्षों की उपलब्धियों और प्रेरणादायक महिलाओं की कहानियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन हुआ।

बीके शिवानी ने सकारात्मक सोच और आत्मिक सशक्तिकरण को सामाजिक बदलाव का आधार बताया। उन्होंने कहा कि हर घर में सकारात्मक सोच विकसित होने से स्वर्णिम भारत का निर्माण संभव है।

संस्था की निदेशक डॉ. चांदनी बेदी के अनुसार, जल संरक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों से अब तक 3.25 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला है। संस्था ने करीब 36.2 करोड़ लीटर वर्षा जल के भूजल पुनर्भरण की क्षमता भी विकसित की है। समारोह में आसपास के गांवों के 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

Next Story