हरियाणा

25 बाराती और बैलगाड़ी पर दूल्हा, शिबू-रूपी की शादी की दिलचस्प कहानी

nidhi
13 Oct 2026 9:22 AM IST
25 बाराती और बैलगाड़ी पर दूल्हा, शिबू-रूपी की शादी की दिलचस्प कहानी
x
शिबू सोरेन की शादी का अनसुना किस्सा
चांडिल: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन तथा उनकी पत्नी रूपी सोरेन की शादी की कहानी आज भी चांडिल के धादकीडीह गांव के बुजुर्गों की यादों में ताजा है। वर्ष 1962 में हुई इस शादी में न आधुनिक दौर जैसा तामझाम था और न ही महंगी गाड़ियों का काफिला। बराती ट्रेन से चांडिल स्टेशन पहुंचे थे, जबकि दूल्हे शिबू सोरेन को बैलगाड़ी पर बैठाकर गांव ले जाया गया था। खास बात यह है कि शादी में आदिवासी परंपरा के अनुसार महज तीन रुपये और तीन कपड़े 'पोन' के रूप में दिए गए थे।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का 7 अक्टूबर 2026 को निधन होने के बाद उनसे जुड़ी पुरानी यादें एक बार फिर सामने आई हैं। इसी बीच चांडिल के धादकीडीह गांव में रहने वाले बुजुर्गों ने उनकी शादी से जुड़े किस्से साझा किए हैं। रूपी सोरेन का विवाह से पहले नाम रूपी किस्कू था। वह धादकीडीह गांव के रहने वाले सुदु किस्कू और चैती किस्कू की बेटी थीं। वर्ष 1962 में उनका विवाह शिबू सोरेन के साथ संथाली आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ था।
शादी के प्रत्यक्षदर्शी और रूपी सोरेन के रिश्तेदार महाराज माझी के अनुसार, यह विवाह पूरी तरह सादगी से हुआ था। उस समय बरात में करीब 20 से 25 लोग शामिल हुए थे। सभी बराती बरकाकाना ट्रेन से चांडिल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। चांडिल स्टेशन पर पहुंचने के बाद दूल्हे शिबू सोरेन को बैलगाड़ी में बैठाया गया। इसके बाद उन्हें धादकीडीह गांव तक ले जाया गया। उनके साथ आए अन्य बराती रेलवे स्टेशन से पैदल ही गांव पहुंचे थे।
आज के दौर में जहां शादियों में महंगी गाड़ियों और सजावट पर बड़ी रकम खर्च की जाती है, वहीं शिबू सोरेन की शादी में ग्रामीण परंपराओं का पालन किया गया था। गांव के लोगों ने बरातियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी पारंपरिक तरीके से की थी। महाराज माझी के अनुसार, बरातियों को गांव के पास नदी किनारे ठहराया गया था। वधू पक्ष ने उनके लिए चावल, दाल, खस्सी, लकड़ी, चूल्हा और पानी की व्यवस्था की थी। इसके बाद बरातियों ने अपना भोजन स्वयं तैयार किया था। आदिवासी परंपरा के अनुसार बरातियों को हंडिया भी परोसी गई थी। उस समय विवाह समारोह में सामूहिक भागीदारी और पारंपरिक रीति-रिवाजों को विशेष महत्व दिया जाता था।
शिबू सोरेन और रूपी सोरेन के विवाह में सबसे दिलचस्प बात 'पोन' की रस्म थी। आदिवासी समाज की इस परंपरा में वर पक्ष की ओर से वधू पक्ष को निर्धारित राशि और वस्त्र दिए जाते हैं। शादी के दौरान शिबू सोरेन के परिवार ने तीन रुपये और तीन कपड़े पोन के रूप में दिए थे। इसके अतिरिक्त वर पक्ष अपने साथ एक काली बकरी और हंडिया भी लेकर पहुंचा था। माझी पारगाना महाल के जिला सचिव श्यामल मार्डी के अनुसार, पोन की परंपरा का उद्देश्य दो परिवारों के संबंध को सामाजिक स्वीकृति और सम्मान देना है। इसे सामान्य दहेज प्रथा से अलग माना जाता है।
शिबू सोरेन और रूपी सोरेन का वैवाहिक जीवन बाद में झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास से गहराई से जुड़ गया। शिबू सोरेन ने महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन और अलग झारखंड राज्य के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान रूपी सोरेन ने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और कठिन परिस्थितियों में पति का साथ दिया।
सोरेन परिवार का चांडिल के धादकीडीह गांव से विशेष संबंध रहा है। उनके बड़े बेटे दुर्गा सोरेन और छोटे बेटे बसंत सोरेन का जन्म भी इसी गांव में हुआ था। हेमंत सोरेन आगे चलकर झारखंड के मुख्यमंत्री बने। रूपी सोरेन के निधन के बाद उनकी शादी से जुड़ी ये यादें फिर चर्चा में हैं। करीब छह दशक पहले ट्रेन से आई बारात, बैलगाड़ी पर दूल्हे का आगमन और तीन रुपये की पारंपरिक रस्म आज भी गांव के बुजुर्गों की स्मृतियों में जीवित है।
Next Story