हरियाणा

हरियाणा खेल महाकुंभ के लिए प्रताप स्कूल के 16 खिलाड़ियों का चयन

Admindelhi1
17 Oct 2026 4:48 PM IST
हरियाणा खेल महाकुंभ के लिए प्रताप स्कूल के 16 खिलाड़ियों का चयन
x
हरियाणा खेल महाकुंभ में प्रताप स्कूल के 16 वुशू खिलाड़ी दिखाएंगे दम

सोनीपत: हरियाणा खेल महाकुंभ के लिए सोनीपत जिले की वुशू टीम के चयन हेतु आयोजित ट्रायल में खरखौदा स्थित प्रताप स्कूल के 16 खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ियों के शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवॉर्डी एवं विद्यालय के खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया और वुशू कोच विनोद गुलिया मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए प्रेरित किया।

लड़कों और लड़कियों के वर्ग में मिली सफलता

चयनित खिलाड़ियों में लड़कों के वर्ग में 48 किलोग्राम भार वर्ग से आर्यन कुमार, 52 किलोग्राम से ध्रुव, 56 किलोग्राम से यश, 60 किलोग्राम से आर्यन, 65 किलोग्राम से चिराग, 70 किलोग्राम से प्रियांशु, 75 किलोग्राम से मुकुल, 80 किलोग्राम से लोकेश, 85 किलोग्राम से धीरज, 90 किलोग्राम से इशु और 100 किलोग्राम से नितेश शामिल हैं।

लड़कियों के वर्ग में 45 किलोग्राम भार वर्ग से गरिमा, 48 किलोग्राम से ज्योति, 52 किलोग्राम से अन्नू, 56 किलोग्राम से दीपिका और 60 किलोग्राम से तान्या ने चयन हासिल किया।

खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण पर दिया जोर

खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि प्रताप स्कूल में पढ़ाई के साथ खेलों को भी प्राथमिकता दी जाती है। विद्यालय में भारतीय खेल प्राधिकरण का खेल केंद्र और हरियाणा खेल विभाग की खेल नर्सरियां संचालित हैं, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अभ्यास का अवसर मिलता है।

वुशू कोच विनोद गुलिया ने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोचिंग, नियमित अभ्यास और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने राज्य स्तरीय हरियाणा खेल महाकुंभ में भी अच्छा प्रदर्शन कर पदक जीतने का लक्ष्य रखा है।

Next Story