
x
Vadodara वडोदरा। गुजरात जायंट्स ने बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 17वें मुकाबले को अपने नाम किया। इस टीम ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 3 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है। गुजरात जायंट्स 7 में से 4 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 7 में से 4 मैच गंवाकर चौथे स्थान पर है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट खोकर 174 रन बनाए। इस टीम को 19 के स्कोर पर सोफी डिवाइन के रूप में पहला झटका लगा। डिवाइन टीम के खाते में 13 रन जुटाकर पवेलियन लौटीं। यहां से बेथ मूनी ने अनुष्का शर्मा के साथ 39 गेंदों में 54 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अनुष्का ने 25 गेंदों में 8 चौकों के साथ 39 रन टीम के खाते में जोड़े।
दो विकेट गिरने के बाद बेथ मूनी ने कप्तान एश्ले गार्डनर (2) के साथ 23 रन, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम (11) के साथ 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 128 के स्कोर तक पहुंचाया। मूनी 46 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 7 चौके शामिल रहे। निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरीं तनुजा ने 11 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 21 रन बनाए। विपक्षी खेमे से श्री चरणी ने 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि चिनले हेनरी ने 2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी। शेफाली वर्मा और लिजेली ली ने बतौर सलामी बल्लेबाज 2.2 ओवरों में 26 रन की साझेदारी की। शेफाली 10 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद ली ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए। लिजेली ली 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, जिन्होंने वोल्वार्ड्ट के साथ 30 गेंदो में 31 रन जुटाकर स्कोर 82/3 तक पहुंचाया।
लौरा के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स दबाव में नजर आई। इस टीम ने 100 रन तक 6 विकेट खो दिए थे, लेकिन यहां से निकी प्रसाद ने स्नेह राणा के साथ 31 गेंदों में 70 रन जुटाकर कैपिटल्स को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। इस बीच दिल्ली ने 19वें ओवर में 20 रन जुटाए। कैपिटल्स को अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर स्नेह राणा (29) विकेट गंवा चुकी थीं। अंतिम बॉल पर दिल्ली को जीत के लिए चौके की दरकार थी, गेंद डिवाइन के हाथों में थी, लेकिन निकी (47) अपना कैच वेयरहैम को थमा बैठीं। इसी के साथ रोमांचक मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने जीत हासिल की।
गुजरात जायंट्स की तरफ से सोफी डिवाइन ने 37 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3 विकेट निकाले। एक विकेट एश्ले गार्डनर को मिला।
TagsWPL 2026गुजरात जायंट्सदिल्ली कैपिटल्सविमेंस प्रीमियर लीगक्रिकेटजीतप्लेऑफबेथ मूनीसोफी डिवाइनअनुष्का शर्मानिक्की प्रसादबीसीए स्टेडियमरोमांचक मुकाबलाराजेश्वरी गायकवाड़जनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





