गुजरात

महिला को काटकर किया लहूलुहान, हमलावर बंदर पिंजरे में कैद

jantaserishta.com
15 Nov 2026 9:23 AM IST
महिला को काटकर किया लहूलुहान, हमलावर बंदर पिंजरे में कैद
x
CCTV में रिकॉर्ड.
वडोदरा: गुजरात के वडोदरा में एक बंदर ने महिला पर अचानक हमला कर दिया. उसने महिला को कई बार काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना अपार्टमेंट परिसर में लगे CCTV कैमरे में भी कैद हो गई. इसके बाद से ही इलाके के लोग डरे हुए थे. वन विभाग की टीम ने शुक्रवार से बंदर को पकड़ने की कोशिश शुरू की थी. आखिरकार शनिवार को करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद उसे पिंजरे में कैद कर लिया गया.
यह घटना गुजरात के वडोदरा शहर के छाणी जकातनाका इलाके में स्थित इन्फिनियम फ्लैट्स की है. यहां रहने वाले लोग पिछले कुछ समय से बंदरों की आवाजाही और उनके आतंक से परेशान थे. शुक्रवार, 13 नवंबर को एक आक्रामक बंदर अपार्टमेंट परिसर में घुस आया. इसी दौरान एक महिला घर के नीचे मौजूद थी. तभी बंदर ने अचानक उस पर हमला कर दिया.
बंदर ने महिला पर कई बार हमला किया और उसे काट लिया. महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें बंदर महिला पर हमला करता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी और बंदर को जल्द पकड़ने की मांग की.
शिकायत मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने बंदर को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी थी. शुक्रवार से ही टीम इलाके में उसकी तलाश कर रही थी. शनिवार सुबह अपार्टमेंट परिसर में उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया. इसके बाद बंदर को पिंजरे तक लाने और उसे पकड़ने की कोशिश शुरू हुई. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम को सफलता मिली. बंदर पिंजरे में कैद हो गया. उसके पकड़े जाने के बाद अपार्टमेंट के लोगों ने राहत की सांस ली.
वडोदरा की रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अनीता बारैया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी. बंदर की तलाश शुरू की गई और दो दिनों की कोशिश के बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया. अनीता बारैया के मुताबिक, बंदर अक्सर खाने की तलाश में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं. वहां उन्हें खाना नहीं मिलता या वे परेशान होते हैं, तो कई बार आक्रामक हो जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं.
वहीं, वन विभाग के रेस्क्यूअर नितिन पटेल ने बंदरों के व्यवहार की एक और वजह बताई. उनके मुताबिक, जुलाई से दिसंबर के बीच बंदरों का मेटिंग सीजन होता है. इस दौरान नर बंदरों के बीच वर्चस्व को लेकर लड़ाई होती है. इसी वजह से कुछ बंदर ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं और लोगों पर भी हमला कर सकते हैं.
वन विभाग के मुताबिक, पकड़ा गया बंदर करीब चार साल का नर है. रेस्क्यू के समय वह खुद भी घायल था. अधिकारियों को आशंका है कि उसे दूसरे बंदरों के साथ वर्चस्व की लड़ाई में चोट लगी होगी. वन विभाग की टीम ने बंदर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक वडोदरा वन विभाग ऐसी घटनाओं में करीब 10 बंदरों का रेस्क्यू कर चुका है. इस घटना के बाद छाणी जकातनाका इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है. जिस बंदर के हमले से अपार्टमेंट के लोग डरे हुए थे, वह अब वन विभाग के कब्जे में है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story