गुजरात

Vadodara: रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर डीआरयूसीसी की बैठक आयोजित

Admindelhi1
8 Aug 2026 3:21 PM IST
Vadodara: रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर डीआरयूसीसी की बैठक आयोजित
x
डीआरयूसीसी की बैठक में रेल परियोजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा

वडोदरा: पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के प्रतापनगर स्थित मंडल रेल कार्यालय में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने की। बैठक के प्रारंभ में समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने वडोदरा मंडल की प्रमुख उपलब्धियों तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मंडल लगातार प्रयासरत है।

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रेल संबंधी मुद्दों को उठाते हुए नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि, ट्रेनों के विस्तार, डबल ट्रैक सहित लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव दिए।

राजू भडके ने सदस्यों के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक सुझाव रेलवे की सेवाओं में सुधार और यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने मानसून के दौरान भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित होने पर समिति के सदस्यों द्वारा यात्रियों के लिए भोजन, चाय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने मानवता का परिचय देते हुए यात्रियों की सहायता कर सराहनीय कार्य किया है।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीरज धमीजा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य निपम रजनीकांत देसाई, भरत आर. गुप्ता, नीलेश कुमार पटेल, दिलीप वी. कोठारी, वंदन कुमार बी. पंड्या, ओमकारनाथ तिवारी, एम. हबीब लोखंडवाला, इंद्रवदन एस. जोशी, व्यास मितलभाई कौशिकभाई, अतुल कुमार एम. ब्रह्मभट्ट, राकेशचंद्र वी. व्यास तथा अनिल कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

Next Story