गुजरात

केंद्र सरकार ने जीएसटी स्लैब में कटौती करके फेस्टिव सीजन में जनता को दिया बड़ा तोहफा

SHIDDHANT
23 Sept 2025 10:21 PM IST
केंद्र सरकार ने जीएसटी स्लैब में कटौती करके फेस्टिव सीजन में जनता को दिया बड़ा तोहफा
x
Ahmedabad अहमदाबाद: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रोहन गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने नवरात्रि और दीपावली के मौके पर देश की जनता को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल योजनाएं बनाने या आयोजन करने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उन्हें लागू करने में भी माहिर है। जीएसटी दरों में कटौती का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी में 10 से 25 प्रतिशत तक की कमी की है, जिसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार ने न केवल जीएसटी दरें कम की हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया है कि निर्माता और उत्पादक अपने उत्पादों की कीमतें कम करें। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा। यह सरकार की वह खासियत है कि वह योजनाओं को जमीन पर उतारना जानती है।”
उन्होंने कहा कि यह कदम नवरात्रि और दीपावली जैसे त्योहारों से पहले जनता के लिए राहत लेकर आया है, जिससे उनकी खरीदारी और उत्सव का उत्साह और बढ़ेगा। रोहन गुप्ता ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अभिषेक बनर्जी के जीएसटी दरों में कटौती पर कटाक्ष करने वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में टीएमसी का हाल देश की जनता देख रही है। बंगाल की जनता यह जानती है कि वहां टीएमसी की सरकार ने विकास में रोड़ा अटकाने का काम किया है। अगर बंगाल को जीएसटी कटौती का पूरा लाभ लेना है, तो वहां डबल इंजन की सरकार जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि टीएमसी सरकार का अहंकार और उसकी नीतियां राष्ट्रीय योजनाओं का लाभ बंगाल की जनता तक पहुंचने में बाधक बन रही हैं। टीएमसी की सरकार ने केंद्र की योजनाओं को लागू करने में जानबूझकर देरी की और कई योजनाओं का लाभ बंगाल की जनता तक नहीं पहुंचने दिया।
उन्होंने कहा, “जब तक बंगाल में डबल इंजन की सरकार नहीं आएगी, तब तक वहां की जनता को केंद्र की योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां और योजनाएं देश के हर कोने में समृद्धि और विकास लाने के लिए बनाई गई हैं। जीएसटी कटौती जैसे कदम न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे, बल्कि आम जनता के जीवन को भी आसान बनाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे केंद्र सरकार के इन प्रयासों का समर्थन करें और त्योहारों के इस मौसम में इसका लाभ उठाएं।
Next Story