गुजरात

Surat: सूरत में बारिश बनी आफत, भेदवाड़ खाड़ी ने पार किया खतरे का निशान

Admindelhi1
21 July 2026 4:04 PM IST
Surat: सूरत में बारिश बनी आफत, भेदवाड़ खाड़ी ने पार किया खतरे का निशान
x
सूरत में मौसम का कहर, खाड़ी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

सूरत: गुजरात के सूरत शहर में देर रात से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सुबह से ही कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने के कारण नौकरीपेशा लोगों, कॉलेज के छात्रों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया है वहीं दूसरी ओर जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर अब सूरत की जीवनरेखा माने जाने वाले उकाई डैम पर भी दिखाई दे रहा है। डैम में लगातार बड़ी मात्रा में पानी की आवक हो रही है, जिससे जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की पांच प्रमुख खाड़ियों में से भेदवाड़ खाड़ी खतरे के निशान को पार कर गई है। खाड़ी का खतरे का स्तर 7.20 मीटर है जबकि वर्तमान में जलस्तर बढ़कर 7.30 मीटर तक पहुंच गया है। इसके चलते अलथाण सहित आसपास के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। खाड़ी के आसपास की सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है।

उधना-नवसारी रोड पर चार से पांच इंच तक पानी भर जाने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

सूरत प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Next Story