गुजरात

Surat: भाजपा का एसआईआर अभियान सूरत में शुरू

Admindelhi1
24 Nov 2025 1:35 PM IST
Surat: भाजपा का एसआईआर अभियान सूरत में शुरू
x

सूरत: निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर अर्थात विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आज सूरत शहर में मतदाता सूची विशेष सुधारणा अभियान आयोजित किया गया। सूरत शहर भाजपा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगरसेवक तथा कार्यकर्ता विभिन्न केन्द्रों पर पहुंचकर कार्य में सहयोग करते दिखाई दिए।

शहर भाजपा अध्यक्ष परेशभाई पटेल उधना क्षेत्र स्थित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की मीरानगर शाला क्रमांक २०६–२०७ तथा मराठी शाला में उपस्थित रहे। उन्होंने मतदाता सूची सुधार कार्य की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

इसके बाद सूरत शहर एसआईआर अभियान के प्रभारी पियूषभाई देसाई (पूर्व विधायक) ने इच्छानाथ–१ स्थित केंद्रीय विद्यालय—जो राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्षभाई संघवी का मतदान केन्द्र है का दौरा किया। उसके पश्चात उन्होंने घोड़दोड़ रोड़ स्थित सेंट ज़ेवियर विद्यालय, एस.डी. जैन विद्यालय, सिटी लाइट क्षेत्र की अग्रसेन शाला और भटार क्षेत्र की सोगायो शाला का भी निरीक्षण किया।

पियूषभाई देसाई ने मतदान केन्द्रों पर कार्यरत बूथ स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने मतदाता सूची सुधार अभियान को अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और सुधारणा अभियान अधिक सुचारू तथा सार्थक रूप से आगे बढ़े।

Next Story