गुजरात

एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंकने का आरोप, 3 लाश मिली, जिंदा बचे बच्चे ने खोला खौफनाक वारदात का राज

jantaserishta.com
25 Nov 2026 2:44 PM IST
एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंकने का आरोप, 3 लाश मिली, जिंदा बचे बच्चे ने खोला खौफनाक वारदात का राज
x
बेहद हैरान करने वाला मामला.
सूरत: एक 13 साल का बच्चा नहर के पानी में डूब रहा था. चारों तरफ पानी था. बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था. तभी उसके हाथ में नहर के भीतर लगा एक पाइप आ गया. उसने पाइप को कसकर पकड़ लिया. काफी देर तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा. फिर किसी तरह नहर से बाहर निकल आया.
लेकिन उसकी मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुई थीं. उसके माता-पिता, भाई-बहन कहां थे? उनके साथ क्या हुआ था? बच्चा कुछ देर नहर किनारे बैठा रहा. फिर उठा और पास के एक पेट्रोल पंप तक पहुंचा. वहां मौजूद लोगों को उसने जो बताया, उसके बाद पुलिस के सामने एक ऐसी वारदात आई, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया.
आरोप है कि महाराष्ट्र के जलगांव से मजदूरी के लिए गुजरात आ रहे एक ही परिवार के छह सदस्यों को चार लोगों ने अगवा किया और उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया. इस घटना में माता-पिता और 9 साल की बेटी की मौत हो चुकी है. परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं. 13 साल का एक बेटा किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा.
मामला गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका का है. महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल इलाके में रहने वाला नितिन उर्फ भूरिया पाटिल अपनी पत्नी कविता और चार बच्चों के साथ गुजरात आ रहा था. परिवार मजदूरी के सिलसिले में 21 नवंबर को सूरत के लिए निकला था. वे एक ईको गाड़ी में सफर कर रहे थे. रास्ते में बारडोली तालुका के उवा गांव के पास एक दूसरी कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, दूसरी गाड़ी में चार लोग सवार थे. आरोप है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वाहनों में बैठाया. नितिन, उनकी पत्नी कविता और दो साल के बच्चे को एक कार में बैठाया गया, जबकि तीन बच्चों को दूसरे वाहन में ले जाया गया. इसके बाद परिवार को उकाई लेफ्ट बैंक नहर के पास ले जाया गया. आरोप है कि वहां परिवार के सदस्यों को गहरे पानी में फेंक दिया गया.
आखिर इन लोगों ने पूरे परिवार को निशाना क्यों बनाया? क्या आरोपियों का परिवार से पहले से कोई परिचय था? क्या कोई पुराना विवाद था? फिलहाल पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है.
इस पूरी वारदात का खुलासा 13 साल के करण पाटिल के सुरक्षित बचने के बाद हुआ. करण ने पुलिस को बताया कि उसे भी नहर में फेंक दिया गया था. लेकिन पानी में गिरने के दौरान उसके हाथ में नहर के भीतर लगा एक पाइप आ गया. उसने पाइप को मजबूती से पकड़ लिया और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकल आया.
बाहर आने के बाद वह कुछ समय तक नहर के किनारे बैठा रहा. फिर पास में मौजूद एक पेट्रोल पंप तक पहुंचा. वहां कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ हुई घटना बताई. पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद बारडोली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें सक्रिय हुईं. पुलिस ने बच्चे से विस्तार से पूछताछ की. उसकी काउंसलिंग भी कराई गई. इसी पूछताछ में परिवार के छह सदस्यों के साथ हुई कथित वारदात की जानकारी सामने आई.
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया. इस दौरान महुवा तहसील के डूंगरी गांव के पास नहर से तीन शव बरामद किए गए. इनकी पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता और उनकी 9 साल की बेटी स्वीटी के रूप में हुई.
परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं. इनमें 16 साल का बेटा और दो साल का मासूम शामिल है. पुलिस और फायर विभाग की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं. नहर का पानी आगे नवसारी और जलालपोर की दिशा में जाता है. इसलिए पुलिस ने उस तरफ के संबंधित थानों को भी अलर्ट किया है, ताकि तलाशी अभियान को आगे बढ़ाया जा सके.
इस मामले में कविता की 25 साल की बेटी ने बारडोली ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास और दूसरी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. शिकायत में तीन संदिग्धों के नाम लिए गए हैं. चौथे व्यक्ति की पहचान अभी सामने नहीं आई है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों का परिवार से पहले से कोई संबंध था या उनके बीच कोई विवाद चल रहा था. पारिवारिक विवाद समेत दूसरे संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है.
सूरत ग्रामीण के एसपी राजेश गढ़िया ने बताया कि रविवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं. 13 साल के बच्चे से पूछताछ के बाद परिवार के साथ हुई घटना की जानकारी सामने आई. एसपी के मुताबिक, जांच में छह पुलिस टीमें लगाई गई हैं. हर टीम में करीब 10 सदस्य हैं. इस तरह 60 से 65 अधिकारी और जवान जांच में जुटे हैं. इन टीमों की निगरानी डिप्टी एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं.
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. महाराष्ट्र के जलगांव पुलिस से भी संपर्क किया गया है, क्योंकि परिवार वहीं का रहने वाला है. एसपी राजेश गढ़िया ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों को जल्द पकड़ना और घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाना है. उन्होंने यह भी कहा कि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है.
इस घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है. दो बच्चे अब भी लापता हैं. एक 13 साल के बच्चे के बयान ने पुलिस को पूरी वारदात की जांच की दिशा दी है. लेकिन कई सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं. आखिर चारों आरोपी कौन हैं और परिवार को रास्ते में क्यों रोका गया? क्या आरोपियों का परिवार से पहले से कोई संपर्क या विवाद था? लापता 16 साल के लड़के और दो साल के बच्चे का क्या हुआ? फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश और नहर में लापता बच्चों को खोजने में जुटी हैं. जिस परिवार ने रोजगार की उम्मीद में महाराष्ट्र से गुजरात का सफर शुरू किया था, उसका सफर एक बेहद दर्दनाक घटना में बदल गया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story