
Ahmedabad Airport: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के विमान टैक्सीवे पर कुछ समय के लिए आमने-सामने आ गए। यह घटना शाम करीब 7:59 बजे की बताई जा रही है। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना होने से बचाव हो गया।
सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया का विमान यात्रियों के साथ अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था। उसी समय इंडिगो की एक फ्लाइट टेकऑफ की तैयारी में थी। लैंडिंग के बाद टैक्सीिंग के दौरान एयर इंडिया के विमान ने अनजाने में गलत दिशा में मोड़ ले लिया, जिसके चलते वह इंडिगो के विमान के सामने पहुंच गया।
स्थिति अचानक गंभीर हो गई, लेकिन ATC की तत्परता और ग्राउंड स्टाफ की सतर्कता के कारण दोनों विमानों को समय रहते रोक दिया गया। इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं हुआ, जिससे राहत की बात रही।
घटना के बाद एयर इंडिया के विमान को बाद में रात 8:18 बजे टो करके पार्किंग बे तक ले जाया गया। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के कारण इंडिगो की उड़ान लगभग 20 मिनट की देरी से रवाना हुई।
इंडिगो की ओर से भी इस घटना की पुष्टि की गई है। एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया था और संचालन सामान्य कर दिया गया।
एयर इंडिया ने भी इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद आ रही फ्लाइट AI2493 लैंडिंग के बाद टैक्सीिंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इस घटना से यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा।
एयर इंडिया ने यह भी बताया कि विमान को बाद में सुरक्षित रूप से टो करके वापस पार्किंग बे में ले जाया गया और इस घटना की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गलती कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जा सके।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी और समय रहते कार्रवाई कर ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।





