
Gujarat गुजरात : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को घोषणा की कि इस साल मई में एशियाई शेरों की जनगणना की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर गुजरात के जूनागढ़ जिले के सासन में आयोजित राष्ट्रीय वन्यजीव परिषद की सातवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए घोषणा की कि इस साल मई में 16वीं एशियाई शेरों की जनगणना की जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सैकोन) की स्थापना की भी घोषणा की और नदी डॉल्फिन पर एक पुस्तक का विमोचन किया। राष्ट्रीय वन्यजीव परिषद की सातवीं बैठक में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और अन्य सदस्यों ने भाग लिया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी गिर अभयारण्य में शेर सफारी पर गए थे। बाद में प्रधानमंत्री ने सफारी के दौरान देखे गए शेरों की तस्वीरें फेसबुक पर पोस्ट कीं।





