गुजरात

अब अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट होगी शुरू

Suhani Malik
27 Sept 2022 11:41 AM IST
अब अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट होगी शुरू
x

अहमदाबाद : सिविल एयरपोर्ट नाल से दिल्ली के बाद अब अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट शुरू होगी। शीतकालीन शेड्यूल में अहमदाबाद बीकानेर अहमदाबाद फ्लाइट को शामिल किया गया है। सोमवार को बीकानेर-दिल्ली फ्लाइट के पांच वर्ष पूर्ण होने पर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से केक काटकर जश्न मनाया गया। शीतकालीन शेड्यूल में अहमदाबाद की फ्लाइट शामिल की जा चुकी है। ज्ञात रहे, राजस्थान पत्रिका ने सबसे पहले अहमदाबाद के लिए हवाई सेवा शुरू होने के सकारात्मक संकेत मिलने का समाचार प्रकाशित किया था। एयरपोर्ट के विमानपत्तन निदेशक सांवरमल सिंगरिया की उपिस्थति में दिल्ली की फ्लाइट से आई यात्री निकिता ने केक काटकर फ्लाइट के पांच साल पूरा होने का जश्न मनाया।

एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने फ्लाइट से आए सभी यात्रियों का अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहायक महाप्रबंधक अनिल कुमार शुक्ल, टर्मिनल प्रबंधक विवेक यादव, सिक्योरिटी अधिकारी वसीम अहमद, एयर प्रबंधक जोरावर सिंह मौजूद रहे।शीतकालीन शेड्यूल 30 अक्टूबर से प्रभावी हो जाएगा। इसके साथ ही अहमदाबाद-बीकानेर-अहमदाबाद फ्लाइट चलाने का रास्ता खुल जाएगा। अलाइंस एयरलाइंस को इस फ्लाइट को शुरू करने की स्वीकृति दी गई है। एयरलाइंस कम्पनी पर निर्भर करता है कि वह फ्लाइट की शुरुआत कब से करे। फिलहाल अहमदाबाद से बीकानेर फ्लाइट सुबह 7.40 बजे पहुंचेगी। यहां से वापस अहमदाबाद के लिए सुबह 8.10 बजे उड़ान भरेगी। यह दैनिक फ्लाइट रहेगी। इसी के साथ शीतकालीन शेड्यूल में दिल्ली से बीकानेर फ्लाइट का सुबह 11 बजे आगमन होगा। यहां से वापस दिल्ली के लिए 11.30 बजे उड़ान भरेगी।

Next Story