गुजरात

हर सप्ताह जाएंगे मोदी-शाह के 'घर', अरविंद केजरीवाल की गुजरात से बढ़ीं उम्मीदें

Admin4
6 July 2022 4:08 PM IST
हर सप्ताह जाएंगे मोदी-शाह के घर, अरविंद केजरीवाल की गुजरात से बढ़ीं उम्मीदें
x

दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने से उत्साहित पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे बड़े गढ़ में पूरा जोर लगा रहे हैं। हाल ही में पार्टी ने यहां संगठन का विस्तार किया है और हजारों पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। 'आप' को बूथ स्तर पर मजबूत करने में जुटे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह भी ऐलान कर दिया है कि वह हर सप्ताह गुजरात का दौरा करेंगे। केजरीवाल ने कहा है कि वह लोगों से भ्रष्टाचार और कृषि जैसे मुद्दों पर बातचीत के लिए ऐसा करेंगे।

केजरीवाल ने अलग-अलग मुद्दों पर जन संवाद करने का ऐलान करते हुए कहा, ''आज हमें बिजली पर बात करनी चाहिए। हम दूसरे मुद्दों पर भी बात करेंगे। मैं हर सप्ताह गुजरात आऊंगा और भ्रष्टाचार, कृषि, एमएसपी जैसे मुद्दों पर 'जन संवाद' करूंगा।'' केजरीवाल ने गुजरात में सत्ता मिलने पर 24 घंटे मुफ्त बिजली देने का वादा करते हुए कहा कि यह एक जादू है और सिर्फ उन्हें आता है। दिल्ली के सीएम ने कहा कि वह रविवार को फिर गुजरात आएंगे और 'गुजरात में बिजली समस्या' को दूर करने का समाधान पेश करेंगे।'' केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी नेता झूठ कहते हैं कि गुजरात में 24 घंटे बिजली मिलती है।

पंजाब की तरह मेहनत

इस साल के अंत में होने जा रहे गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल ने गुजरात में काफी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी कार्यकर्ता जहां मुफ्त बिजली के लिए अभियान चला रहे हैं तो खुद केजरीवाल दिल्ली और पंजाब सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए लोगों से एक मौका देने की अपील कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि केजरीवाल कुछ उसी अंदाज में गुजरात में अपनी पकड़ बनाने में जुटे हैं जिस तरह उन्होंने पंजाब में किया। जानकारों का यह भी कहना है कि खुद केजरीवाल इस सच्चाई को जानते हैं कि भाजपा को चुनौती देना मुश्किल हैं, लेकिन वह कांग्रेस का स्थान जरूर छीन लेना चाहते हैं। वह यहां 2027 को ध्यान में रखकर मेहनत कर रहे हैं।

Next Story