गुजरात

Mehsana: भाजपा उम्मीदवार के परिजन की हत्या से सनसनी

Admindelhi1
25 April 2026 1:54 PM IST
Mehsana: भाजपा उम्मीदवार के परिजन की हत्या से सनसनी
x

मेहसाणा: गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव के प्रचार के बीच महेसाणा शहर के वार्ड नंबर 4 में भाजपा उम्मीदवार के भांजे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल हो गया है।

महेसाणा के तावडिया रोड क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच बीती देर रात झड़प हो गई। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार के भांजे मितेन चौधरी पर 4 से 5 अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों और लकड़ियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मितेन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हमले में धीमन चौधरी नाम का एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार के पति को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

डीएसपी मिलाप पटेल के अनुसार यह घटना देर रात महेसाणा शहर के ‘ए’ डिविजन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मानव आश्रम चौकड़ी से तावडिया रोड जाने वाले मार्ग पर हुई। मितेन चौधरी अपने दोस्तों के साथ कार में जा रहा था, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोककर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, ‘ए’ डिविजन पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही तकनीकी सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।

Next Story