गुजरात बॉर्डर पर सुरक्षा का बड़ा एक्शन, ग्रामीणों के घरों में रुकेंगे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी

गांधीनगर: गुजरात में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय विशेष दौरे पर रहेंगे। इस दौरान अधिकारी सीमावर्ती इलाकों के 20 गांवों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। खास बात यह है कि वे स्थानीय ग्रामीणों के घरों में रात बिताकर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
यह विशेष अभियान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'चतुर्भुज सुरक्षा ग्रिड' के विजन के तहत आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में होने वाली इस फील्ड एक्सरसाइज का उद्देश्य सीमा सुरक्षा, गश्त और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों की जमीनी समीक्षा करना है।
अभियान के तहत कच्छ, वाव-थराद और पाटण जिलों के चयनित गांवों की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें आईजीपी संदीप सिंह, एनएन चौधरी, मकरंद चौहान, संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल, डीआईजीपी विधि चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
अधिकारी गांवों में रात्रिकालीन समीक्षा बैठकें भी करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों और सीमा पर तैनात जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगे।
इस अभियान के जरिए सीमावर्ती सुरक्षा ढांचे की कमियों की पहचान करने, बॉर्डर पेट्रोलिंग को बेहतर बनाने और क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझाव तैयार करने पर जोर रहेगा।





