गुजरात

Kheda: पटाखा फैक्टरी विस्फोट से मची अफरा-तफरी

Admindelhi1
27 Jun 2026 4:01 PM IST
Kheda: पटाखा फैक्टरी विस्फोट से मची अफरा-तफरी
x
विस्फोट के बाद राहत और बचाव कार्य जारी

खेड़ा: गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज में डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित एक पटाखा फैक्टरी में शनिवार को भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के गांवों तक इसकी आवाज सुनाई दी और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के कारण जिस इमारत में फैक्टरी संचालित हो रही थी, वह पूरी तरह ढह गई।

हादसे के समय फैक्टरी में 5 से 6 श्रमिक काम कर रहे थे। विस्फोट में ये सभी घायल हो गए, जिनमें दो श्रमिकों की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए नडियाद और अहमदाबाद के अस्पतालों में रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

प्रांत अधिकारी अनिल झाला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी में पटाखों की बाती (दिवेट) बनाने का काम किया जा रहा था। हालांकि यह फैक्टरी कब से संचालित हो रही थी और इसके पास आवश्यक लाइसेंस या प्रशासनिक अनुमति थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्फोट के कारणों के साथ-साथ फैक्टरी की वैधता की भी जांच शुरू कर दी है।

Next Story