
DELHI दिल्ली: देश में आर्थिक समावेशन को बढ़ावा देने वाली प्रधानमंत्री जन धन योजना ने गुरुवार को अपने 11 साल पूरे कर लिए। 28 अगस्त 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह योजना दुनिया की सबसे बड़ी बैंकिंग पहल बन चुकी है, जिसने गरीबों, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। योजना ने दशकों से वित्तीय सेवाओं से वंचित रहे लोगों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ पहुंचाया है। गुजरात के बनासकांठा जिले के अमीरगढ़ तालुका में यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। जीरो बैलेंस पर खाता खोलने की सुविधा ने उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की है और आत्मविश्वास भी बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत खातों के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में मिलता है। इसके साथ ही योजना में बीमा कवर भी शामिल है, जिसने लाखों लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। 20 रुपए के प्रीमियम पर दो लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और 436 रुपए के प्रीमियम पर दो लाख रुपए का जीवन बीमा 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाता है। अमीरगढ़ तालुका में अब तक लगभग 1200 खाते खोले गए हैं, जिनमें से 40 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ मिला है। खाते खोलने की प्रक्रिया बेहद आसान है, केवल साधारण फॉर्म और आधार कार्ड से यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
लाभार्थी गुलाब भाई मीना ने बताया कि जन धन खातों के जरिए उन्हें बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ बीमा की सुविधा भी मिली है, जिससे संकट के समय मदद मिली। लिंबडीबेन गमार ने कहा कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा में जीरो बैलेंस खाता खुला और बीमा का लाभ मिला, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।बैंक मैनेजर बनवारी लाल मीणा ने बताया कि योजना के तहत खातों और बीमा कवर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर हो रहा है। यह ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। देशभर में करोड़ों खाते खोले जा चुके हैं और लाखों लोग इसके बीमा कवर और अन्य सुविधाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जन धन योजना ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में स्थायी बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है।





