गुजरात

Gujarat: उन्झा-मेहसाणा मार्ग पर तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त

Admindelhi1
21 Feb 2026 4:33 PM IST
Gujarat: उन्झा-मेहसाणा मार्ग पर तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त
x

गुजरात: राज्य के उन्झा-मेहसाणा राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार राजस्थान में एक शादी समारोह में शामिल होकर अहमदाबाद के रामोल क्षेत्र लौट रहा था।

पुलिस के अनुसार, उन्झा-मेहसाणा राजमार्ग पर उनावा के पास चल रही ईको कार के चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार बीच सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना में रामलाल कुमावत, कैलाश कुमावत, कोमल कुमावत और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Next Story