गुजरात

Gandhinagar: विकास-विरासत का संतुलन बनाए बिना नहीं बन सकता विकसित गुजरात: CM पटेल

Admindelhi1
27 Oct 2025 10:58 AM IST
Gandhinagar: विकास-विरासत का संतुलन बनाए बिना नहीं बन सकता विकसित गुजरात: CM पटेल
x

गांधीनगर: गुजरात में विक्रम संवत 2082 के नववर्ष के हर्षोल्लास के बाद, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मेहसाणा जिले के गोझारिया में श्री उमिया माताजी मंदिर ट्रस्ट और पाटीदार समाज द्वारा आयोजित शतचंडी महायज्ञ में भाग लिया।

राज्य सूचना विभाग के अनुसार, उन्होंने सभी को नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दी उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदैव यह कहते हैं कि ‘विकास करना है, लेकिन विरासत का संरक्षण करते हुए’ और उनका यह मंत्र ही विकसित भारत के निर्माण का सच्चा मार्ग है। मुख्यमंत्री ने यज्ञों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि अगर धर्म के साथ विज्ञान होगा, तभी हम निर्धारित मुकाम या मंजिल तक पहुंच सकते हैं।

उन्होंने गोझारिया गांव की खासियत की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव में अपने काम को निर्विघ्न संपन्न करने की क्षमता तो है ही, साथ ही दूसरों के काम को भी पूरा करने की ताकत है।

मुख्यमंत्री ने विकसित गुजरात के लिए हर गांव को विकसित बनाने और अंतिम छोर के प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के सरकार के सार्थक प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

राज्य के आर्थिक विकास की गति को और तेज करने के लिए गुजरात सरकार द्वारा शुरू की गई पहलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जोनवार वाइब्रेंट कॉन्फ्रेंस की शुरुआत की हैं। इस शृंखला के अंतर्गत पहली कॉन्फ्रेंस हाल ही में उत्तर गुजरात में आयोजित की गई थी।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि इस कॉन्फ्रेंस के परिणामस्वरूप तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ और 1200 से अधिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

उन्होंने उमिया माता से प्रार्थना की कि नववर्ष में गोझारिया गांव नए संकल्प ले और वे सभी संकल्प परिपूर्ण हों।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर उमिया माता के दर्शन किए और महायज्ञ के लिए उदार हाथों से दान देने वाले दानदाताओं को सम्मानित भी किया।

शतचंडी महायज्ञ के इस धार्मिक और भव्य कार्यक्रम में मेहसाणा के विधायक मुकेश पटेल, मेहसाणा डिस्ट्रिक्ट बैंक के चेयरमैन विनोदभाई पटेल, मेहसाणा के कलेक्टर एस.के. प्रजापति, उमिया माताजी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित पाटीदार समाज के अग्रणी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Story