गुजरात

लाउडस्पीकर से शुरू हुआ विवाद, 1 की हत्या

jantaserishta.com
6 May 2022 1:32 PM IST
लाउडस्पीकर से शुरू हुआ विवाद, 1 की हत्या
x

अहमदाबाद: मेहसाणा जिले में मंदिर में लाउडस्पीकर बजाने के बाद हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है. मामला मुंदरडा गांव के ठाककोर वास का है.

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को मुंदरडा निवासी 46 साल के अजीतजी ठाकोर अपने छोटे भाई जसवंतजी ठाकोर के साथ घर के कंपाउंड में बने मंदिर में दीया जला रहे थे. पूजा के बाद उन्होंने लाउडस्पीकर पर माता के भजन चला दिए. थोड़ी देर बाद पड़ोस में रहने वाला सदाजी ठाकोर वहां पहुंचा और अजीतजी को कहा कि तुम लाउडस्पीकर क्यों बजा रहे हो?
अजीतजी ने कहा कि शाम का समय है, दीया-बत्ती जलाने के बाद मंदिर में लाउडस्पीकर तो बजेगा. इसके बाद सदाजी ठाकोर वहां से चला गया और थोड़ी देर बाद छह लोगों के साथ अजीतजी के घर पहुंचा. फिर सभी ने मिलकर अजीतजी और जसवंतजी की पिटाई कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया. आरोपियों ने दोनों भाइयों की लकड़ी और लोहे की रॉड से बुरी तरह पिटाई की. इस हमले में जसवंतजी और अजीतजी बुरी तरह घायल हो गए.
इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद अजीतजी और जसवंतजी की मां हनसा बेन ने पुलिस को घटना की सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें मेहसाणा सेअहमदाबाद सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया. यहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जसवंतजी ठाकोर को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें सदाजी ठाकोर विष्णुजी ठाकोर, बाबूजी ठाकोर, जयंतीजी ठाकोर, जवानजी ठाकोर और विनोदजी ठाकोर शामिल है.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story