गुजरात

प्यार करने पर मिली मौत की सजा, प्रेमिका के पिता ने की प्रेमी की हत्या

Nilmani Pal
18 Nov 2021 10:38 PM IST
प्यार करने पर मिली मौत की सजा, प्रेमिका के पिता ने की प्रेमी की हत्या
x
सनसनीखेज मामला

गुजरात में 20 साल के एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना वडोदरा जिले की है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि प्रेम-प्रसंग की वजह से युवक की हत्या की गई है। इस मामले में लड़की के पिता समेत 4 लोगों को गिऱप्तार किया गया है। पुलिस ने बताया है कि बुधवार को पडरा तहसील के चोकारी गांव में इस गंभीर वारदात को बुधवार को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि युवक के साथ की गई हैवानियत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

जिले के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार देसाई ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार किेये गये सभी आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग और हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतक युवक का नाम जयेश रावल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जयेश रावल और लड़की एक-दूसरे से प्यार करते थे लेकिन लड़की का परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था। लड़की की मां ने जब अपनी बेटी और जयेश को एक-दूसरे से बातचीत करते देखा तब उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने रावल का उसके घर से अपहरण कर लिया। जयेश को एक पेड़ से बांध कर बुरी तरह से पीटा गया था। बेसुध होने के बाद एक गांव वाले ने पुलिस को इस बात की खबर दी थी।

वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ लोग रावल की डंडे से पिटाई कर रहे हैं। पुलिस ने बेहोश रावल को बाद में इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की तरफ से कहा गया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Next Story