गुजरात

फोन चलाने से रोका तो भड़की बेटी, पिता को उतारा मौत के घाट

nidhi
5 Nov 2026 6:37 AM IST
फोन चलाने से रोका तो भड़की बेटी, पिता को उतारा मौत के घाट
x
सूरत: गुजरात के सूरत शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोबाइल फोन पर गेम खेलने और घर का काम करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवती पर अपने 55 वर्षीय सौतेले पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, पिता ने बेटी को मोबाइल चलाने से रोकते हुए घर के काम में मदद करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पिता ने गुस्से में बेटी का मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसके बाद युवती ने कथित तौर पर प्रेशर कुकर के ढक्कन और रसोई में रखे चाकू से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
यह सनसनीखेज मामला सूरत के अमरोली थाना क्षेत्र के कोसाड इलाके का है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रमेश चौहान उर्फ रमेश सिंह राजपूत के रूप में हुई है। आरोपी युवती का नाम काजल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर की रात हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत मोबाइल फोन पर गेम खेलने और घरेलू कामकाज को लेकर हुई थी।
मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, काजल घर में मोबाइल फोन पर गेम खेल रही थी। उसकी मां मंजू ने इस बात पर नाराजगी जताई कि वह घर के कामकाज में मदद नहीं कर रही है। जब रमेश घर लौटे तो मंजू ने उनसे बेटी के व्यवहार की शिकायत की। इसके बाद रमेश ने काजल को मोबाइल फोन छोड़कर घर के काम में हाथ बंटाने के लिए कहा। लेकिन इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश ने काजल के हाथ से मोबाइल छीन लिया और उसे जमीन पर पटक दिया। इससे फोन टूट गया। मोबाइल टूटने से काजल बेहद नाराज हो गई। गुस्से में उसने कथित तौर पर रसोई में रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन को उठाकर रमेश के सिर पर वार कर दिया।
कुकर के ढक्कन से हमला, फिर चाकू से किया वार
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, कुकर के ढक्कन से हमला करने के बाद भी विवाद नहीं थमा। आरोप है कि काजल ने रसोई में रखे चाकू से रमेश पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। रमेश की चीख सुनकर उनकी पत्नी मंजू रसोई की ओर दौड़ीं। वहां का नजारा देखकर वह घबरा गईं। रमेश घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे और उनके शरीर से खून बह रहा था। परिवार के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एक छोटे से घरेलू विवाद में परिवार के मुखिया की जान चले जाने से परिजन सदमे में हैं।
मां की शिकायत पर बेटी गिरफ्तार
घटना के बाद मृतक की पत्नी मंजू ने अमरोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी काजल को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस निरीक्षक जेबी वनार के अनुसार, मोबाइल पर गेम खेलने और घरेलू कामकाज को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान हमला किए जाने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया कि रमेश काजल के जैविक पिता नहीं, बल्कि सौतेले पिता थे। काजल के पिता की कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां मंजू ने रमेश से दूसरी शादी की थी।
Next Story