डिंडोली में छठ महापर्व की धूम, सी.आर. पाटिल ने व्रतियों को दी शुभकामनाएं

सूरत: छठ महापर्व के अवसर पर सूरत के डिंडोली स्थित छठ सरोवर में आस्था और भक्ति का विराट संगम देखने को मिला। श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट और सूरत महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में लाखों की संख्या में व्रती, श्रद्धालु और समाज के लोग शामिल हुए। व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए सभी को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सूरत महानगरपालिका के डिप्टी मेयर सुधाकर चौधरी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष झंखना बेन पटेल, स्थायी समिति अध्यक्ष राजनभाई पटेल और पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष नीतिन भाई भजियावाला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लोकगीतों और भजनों ने बांधा समां
महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। सूरत के गायक विजय शुक्ला ने छठ मईया के पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक भजनों और संगीत के जरिए भक्तिमय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
व्यवस्थाओं में दिखा सामूहिक सहयोग
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। सरोवर परिसर में उमड़ी भीड़ के बीच लोकआस्था, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक एकजुटता का नजारा देखने को मिला।
श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, व्रतियों, श्रद्धालुओं, सहयोगी संस्थाओं, पुलिस प्रशासन और महानगरपालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के समर्पण की भी सराहना की।
ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि समाज और प्रशासन के साझा प्रयासों से छठ महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं को धन्यवाद दिया।





