Bhavnagar: भावनगर में जहरीली शराब का मामला, तीन की मौत और 17 अस्पताल में भर्ती

भावनगर: भावनगर जिले में नकली ‘रॉयल स्टैग’ ब्रांड की शराब का कहर बरपा है। जहरीली शराब के सेवन की आशंका के बीच दो और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर तीन पहुंच गई है। मृतकों की पहचान कार्तिक अश्विनभाई मकवाणा (40), उपेंद्रसिंह चंद्रसिंह गोहिल (25) और मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी नरेंद्रसिंह यादव के रूप में हुई है।
जिला कलेक्टर के अनुसार फिलहाल सिविल अस्पताल में 8 और निजी अस्पतालों में 9 मरीजों का सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई गई है।
राज्य सरकार ने घटना की जांच स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) को सौंप दी है।
18 अगस्त की देररात उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर राज्य पुलिस प्रमुख जी.एस. मलिक, आईबी प्रमुख और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। एसएमसी के एसपी मयूर चावड़ा को तत्काल भावनगर भेजकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घोघा तहसील के खरकड़ी गांव में 16 अगस्त की रात सात दोस्तों ने शराब पार्टी की। इसके बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उपेंद्रसिंह गोहिल की उपचार के दौरान मौत हो गई। बाद में दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह मामला फिलहाल लठ्ठाकांड नहीं बल्कि नकली ‘रॉयल स्टैग’ शराब के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है। नकली शराब की सप्लाई करने के आरोप में पुलिस ने चार बूटलेगरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शराब पीने के बाद उपेंद्रसिंह को सांस लेने में तकलीफ, उल्टी और जी मिचलाने की शिकायत हुई थी। उन्हें भावनगर की सर टी. अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य प्रभावित लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए जामनगर भेजा गया है।
पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण की स्थिति और स्पष्ट होगी।
जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने संदिग्ध या नकली शराब का सेवन किया है, वे किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने का इंतजार न करें और तत्काल अस्पताल जाकर चिकित्सकीय जांच कराएं।





