Bharuch: भरूच में क्लास-वन अधिकारी की मौत, सुसाइड नोट में वित्तीय परेशानियों का उल्लेख

भरूच: गुजरात के भरूच के झाडेश्वर क्षेत्र में योजना विभाग के एक क्लास-वन अधिकारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक संकट, बैंक ऋण और क्रेडिट कार्ड के कर्ज का उल्लेख होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मूल रूप से अमरेली जिले के निवासी पीयूषभाई उकाणी के रूप में हुई है। करीब एक महीने पहले ही उनका तबादला भरूच के योजना विभाग में हुआ था। वह झाडेश्वर क्षेत्र की रामेश्वर पार्क सोसायटी में किराए के मकान में रहते थे।
बताया गया है कि घटना के समय अधिकारी घर में अकेले थे जबकि उनकी पत्नी सूरत में थीं। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक ने भरूच सी-डिवीजन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुसाइड नोट में अधिकारी ने आर्थिक परेशानियों का उल्लेख किया है। बताया जा रहा है कि विभिन्न बैंक ऋण और क्रेडिट कार्ड के बकाया के कारण वह आर्थिक दबाव में थे। हालांकि, पुलिस सुसाइड नोट और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
सी-डिवीजन पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर एन.आर. चौधरी ने बताया कि मृतक अधिकारी मूल रूप से अमरेली जिले के रहने वाले थे और भरूच में किराए के मकान में रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी सूरत गई हुई थीं और अधिकारी घर पर अकेले थे। प्रारंभिक जांच में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
अधिकारी के अमरेली और सूरत में रहने वाले परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भरूच सिविल अस्पताल भेज दिया है।





