गुजरात

भारतीय जनता पार्टी गुजरात चुनाव के बाद 2024 की तैयारी में जुटेगी

Admin Delhi 1
4 Dec 2022 5:09 AM GMT
भारतीय जनता पार्टी गुजरात चुनाव के बाद 2024 की तैयारी में जुटेगी
x

गुजरात न्यूज़: गुजरात चुनाव के नतीजे निकलने के ठीक बाद भाजपा नेतृत्व अगले साल होने वाले विभिन्न विधानसभा चुनावों व 2024 के आम चुनाव की तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करेगा। इसमें मिशन 144 यानी पिछली बार हारी व कमजोर सीटों पर अभी तय काम का फीडबैक व विभिन्न राज्यों में संगठन की गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। 5 और 6 दिसंबर को होने वाली इस बैठक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिलने की भी संभावना है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव व दिल्ली के नगर निगम चुनाव के नतीजे आने से पहले इस बैठक से साफ है कि पार्टी नतीजों को अपनी समीक्षा बैठक में आड़े नहीं आना देना चाहती है। नतीजे जो भी रहें, उसका जोर अगले मिशन पर रहेगा। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ राज्यों के संगठन प्रभारी व सह प्रभारी व प्रदेशों के अध्यक्ष व संगठन मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

नड्डा अपनी टीम में कर सकते हैं कुछ बदलाव : भाजपा में लगातार चुनावों को देखते हुए नए चुनाव कराने के बजाए अगले लोकसभा चुनाव तक जेपी नड्डा के हाथ में ही पार्टी की कमान बने रहने की संभावना है। ऐसे में नड्डा अपनी टीम में कुछ बदलाव भी कर सकते हैं। ऐसे में समीक्षा बैठक में मिलने वाला फीडबैक काफी अहम होगा। साथ ही यहां पर दिए जाने वाला संदेश व भावी निर्देशों पर भी सभी की नजर रहेगी। सूत्रों के अनुसार, भाजपा की रणनीति के केंद्र में अब लोकसभा चुनाव हैं। अगले वर्ष नौ विधानसभाओं के चुनाव होने हैं। उनको छोड़ बाकी राज्यों के संगठन को अब चुनावी मोड में लाया जाएगा। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में अलग तरीके से आगे बढ़ा जाएगा, जिससे विधानसभा चुनाव के साथ आगे की भी तैयारी की जा सके।

लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता चाहती है पार्टी: पार्टी मिशन 144 सीटों की भी समीक्षा कर सकती है। इन सीटों पर पार्टी विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों व अन्य नेताओं को लगाया है। सभी सीटों पर एक दौर के दौरे हो चुके हैं और उनकी रिपोर्ट भी आ गई है। यह वह सीटें हैं, जिन पर भाजपा दूसरे नंबर पर रही थी और कुछ कमजोर सीटें भी इसमें शामिल हैं। अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा मौजूदा सीटों को बरकरार रखते हुए इन 144 में भी बड़ी सफलता हासिल करना चाहती है।

Next Story