गुजरात

Ahmedabad: अहमदाबाद में जलयात्रा उत्सव, 108 कलशों से होगा जगन्नाथ जी का अभिषेक

Admindelhi1
29 Jun 2026 12:58 PM IST
Ahmedabad: अहमदाबाद में जलयात्रा उत्सव, 108 कलशों से होगा जगन्नाथ जी का अभिषेक
x
"जलयात्रा के लिए अहमदाबाद में भक्ति का माहौल, 108 कलशों से होगा जलाभिषेक"

अहमदाबाद: अहमदाबाद के जामालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आषाढ़ी बीज की रथयात्रा से पहले सोमवार, 29 जून को पारंपरिक जलयात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर को लेकर मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि जलयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर साबरमती नदी के भूदर घाट पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीतल के 108 कलशों में साबरमती का पवित्र जल भरा जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु इन कलशों को सिर पर धारण कर भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और सजे-धजे हाथियों के साथ भव्य शोभायात्रा के रूप में मंदिर तक लेकर आएंगे।

मंदिर पहुंचने पर इन्हीं 108 कलशों के पवित्र जल से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का शाही जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के पश्चात भगवान को गजवेश धारण कराया जाएगा। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन वर्ष में केवल एक बार ही श्रद्धालुओं को प्राप्त होते हैं।

पारंपरिक मान्यता के अनुसार, अत्यधिक जलस्नान के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं। इसलिए वे अगले 15 दिनों के लिए अपने मामा के घर सरसपुर विश्राम हेतु जाते हैं। इसके बाद पूर्ण स्वस्थ होकर आषाढ़ी बीज के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा भव्य रथ में विराजमान होकर विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

Next Story