गोवा

कल पूर्व मंत्री रोहन खौंटे होंगे भाजपा में शामिल

Kunti Dhruw
16 Dec 2021 1:56 PM GMT
कल पूर्व मंत्री रोहन खौंटे होंगे भाजपा में शामिल
x
गोवा के पूर्व मंत्री रोहन खौंटे ने विधायक पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद गुरुवार को कहा कि वह सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होंगे।

गोवा के पूर्व मंत्री रोहन खौंटे ने विधायक पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद गुरुवार को कहा कि वह सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होंगे। पोरवोरिम विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय विधायक के रूप में इस्तीफा देने वाले खूंटे ने एक बयान में कहा, "मैंने पोरवोरिम के विकास की निरंतरता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समावेश और एकजुटता की संस्कृति को आत्मसात करने के लिए भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।''

आपको बता दें कि रोहन खौंटे शुक्रवार को पणजी के महालक्ष्मी मंदिर में सुबह 10 बजे भाजपा में शामिल होंगे। खौंटे पूर्ववर्ती मनोहर पर्रिकर सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने में मदद की थी।
गोवा के मंत्री मिलिंद नाइक ने दिया इस्तीफा
वहीं, कांग्रेस द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप के बीच गोवा के शहरी विकास मंत्री मिलिंद नाइक ने बुधवार को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार देर रात जारी बयान में बताया गया कि नाइक ने ''स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच'' सुनिश्चित करने के मद्देनजर इस्तीफा दे दिया।
सीएमओ ने ट्वीट किया कि नाइक ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे स्वीकार करने के बाद राज्यपाल के पास भेजा गया है। इससे पहले दिन में, कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने नाइक पर मंत्रिपद का दुरुपयोग कर एक महिला का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। चोडणकर ने करीब एक पखवाड़े पहले एक मंत्री द्वारा महिला का यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि, उस समय उन्होंने मंत्री का नाम सार्वजनिक नहीं किया था।


Next Story